एमपी में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है. अक्टूबर महीना अप्रैल जैसा तप रहा है. भोपाल में 16 साल में दूसरी बार रात का तापमान इतना बढ़ा है कि लोग परेशान हैं. मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी और उमस से दशहरे के बाद राहत मिल सकती है.
भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का इंतजार कर रहे लोगों को तीखी गर्मी झुलसा रही है। अक्टूबर के महीने में अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। भोपाल में 16 साल में दूसरी बार अक्टूबर में दिन के साथ साथ रात के तापमान में भी इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि इस तीखी गर्मी और उमस से दशहरे के बाद राहत मिल सकती है। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी ग्वालियर में पड़ रही है। यहां पारा 36.6 डिग्री हो गया है।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि प्रदेश की भोपाल के तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है। भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। ये सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। 16 साल में दूसरी बार अक्टूबर में रात सबसे ज्यादा तप रही है। पिछले एक सप्ताह से रात के तापमान में सामान्य से 2-3 डिग्री का इजाफा हो रहा है। भोपाल में रात का तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया. अक्टूबर के पहले हफ्ते में दिन का औसत तापमान भी 33.3 डिग्री रहा।
ग्वालियर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री, गुना में 35.8 डिग्री, खरगोन में 35 डिग्री, रतलाम में 35 डिग्री, खजुराहो में 35.8 डिग्री, नरसिंहपुर में 35 डिग्री, नोगांव में 35.2 डिग्री, सीधी में 34.8 डिग्री, टीकमगढ़ में 34.2 डिग्री, रीवा में 34 डिग्री, सागर में 34.7 डिग्री, सतना में 34.3 डिग्री, दमोह में 35.6 डिग्री, जबलपुर में 34.5 डिग्री, रतलाम में 35 डिग्री, राजगढ़ में 34.7 डिग्री, खरगोन में 35 डिग्री, इंदौर में 34 डिग्री, होशंगाबाद में 34.8 डिग्री, गुना में 35.8 डिग्री, भोपाल-दतिया में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

दशहरे की सुबह से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि लोगों को उमस और तीखी गर्मी से दशहरे के बाद राहत मिलने की उम्मीद है. दशहरे की सुबह से हल्की-हल्की ठंड की शुरुआत होगी. रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है. रात में ठंड दिवाली बाद शुरू होगी. दशहरे के बाद से हवाओं का रुख बदलने लगेगा.
मानसून की विदाई शुरू
मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया है. बीते दिन शुक्रवार को ग्वालियर, चंबल, नीमच, मुरैना, श्योपुर से मानसून की विदाई हुई. मौसम विभाग का कहना है कि 2 दिनों में भोपाल से भी मानसून की विदाई होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में तय समय से 1 हफ्ते पहले मानसून ने दस्तक दी थी. यहां मानसून 10 जून को पहुंचा था, तो वहीं भोपाल में भी तय समय से पहले मानसून ने अपनी आमद दर्ज कराई थी। प्रदेश में मानसून की विदाई की तारीख 30 सितंबर तय की गई थी। मानसून अब 8 से 10 दिन की देरी से विदा हो रहा है।