देशभर में नकली नोट फैलाने वाला सुधीर कुशवाहा को बिहार पुलिस ने मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। NIA ने उस पर 2 लाख का इनाम रखा हुआ था। सुधीर के तेलगी से भी संबंध हैं।
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने नकली नोट के माफिया सुधीर कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। वह पाकिस्तान में छपे करोड़ों रुपये की नकली भारतीय करेंसी नेपाल के रास्ते देश के अलग-अलग शहरों में भेजने का नेटवर्क चला रहा था। 2016 में हुई नोटबंदी के बाद इसने करोड़ों रुपये नकली नोट भारत में खपा चुका था। माफिया सरगना इमरान तेलगी से भी इसके पुराने संबंध हैं। बीते पांच साल से यह नेपाल में नाम बदलकर रह रहा था। एसएसपी जयंतकांत ने इसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। एनआई ने सुधीर पर दो लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था।


जानकारी के मुताबिक बिहार पुलिस को सुधीर के नेपाल से इसके मोतिहारी स्थित घोड़ासाहन पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस इसे पकड़ने घोड़ासाहन स्थित इसके घर पर पहुंचती इससे कुछ देर पहले ही निकल गया। इसके फरार होने का अलर्ट सभी जिलों को दिया गया था। आरोपी को दबोचने के लिए मोतीपुर में घेराबंदी की गई। मगर वह पुलिस घेराबंदी को तोड़कर भाग गया। सुधीर का पीछा करके पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि नेपाल नंबर की गाड़ी दिखने के बाद इसे जांच के लिए रोकने की कोशिश की गई तो पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। इसके बाद इसे खदेड़कर पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सुधीर कुशवाहा देश स्तर पर नकली नोट के लिए वांटेड है। इस पर एनआईए ने दो लाख रुपये का इनाम रखा था। इनाम की राशि लगातार बढ़ाई जा रही थी।
मोतीपुर, सारण, मधुबनी और सीतामढ़ी में हाल में हुई नकली नोट जब्ती के मामले में भी इसे पुलिस तलाश रही थी। इसके अलावा डीआरआई ने कुछ दिनों पहले रक्सौल में नकली नोट की बड़ी खेप पकड़ी थी। सारे नोग पाकिस्तान में छपी हुई थी। इस मामले में भी सुधीर की तलाश चल रही थी।