बड़ी ख़बर

लेडी सब इंस्पेक्टरों का कमाल सोशल मीडिया पर मचा रहीं धमाल

पुलिस की नौकरी की दौड़ भाग के बीच खुशी और स्ट्रेस से राहत पाने तलाशा तरीका

सतना । पुलिस की दौड़ भाग भरी नौकरी में प्रोटोकॉल-इन्वेस्टिगेशन, केस क्लोजर और अपराधियों की धर पकड़ की व्यस्तता के बीच अगर कुछ अपने मन का करने का समय मिल जाए तो नौकरी करना और भी आसान हो जाता है। यूं भी अधिकांश पुलिसकर्मी चौबीस घंटे की ड्यूटी के कारण अक्सर स्ट्रेस में रहते हैं।

सतना की कुछ लेडी पुलिस ऑफिसर्स ने स्ट्रेस को दूर भगाने का तरीका तलाश लिया है। वे न केवल अपनी व्यस्त पुलिसिया जिंदगी में खुशियों के रंग घोल रही हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर धमाल मचा कर कमाल भी कर रही हैं।

सतना की महिला पुलिस अधिकारी इन दिनों सोशल मीडिया पर खासी एक्टिव हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी अदाएं, उनके वीडियो, रील्स खूब लाइक्स बटोर रहे हैं। फैन फॉलोइंग भी खूब बढ़ी है। पुलिस की ये महिला अधिकारी किसी रील में फिल्मी गीतों पर आकर्षक डांस करती नजर आती हैं, तो किसी में फिल्मी डायलॉग बोलती दिखाई पड़ती हैं।

cg
सोशल मीडिया पर अपलोड महिला पुलिसकर्मी की तस्वीरें।
                                           सोशल मीडिया पर अपलोड महिला पुलिसकर्मी की तस्वीरें।

समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इन्हें मोटिवेशनल संदेश देते भी इनको इंस्टाग्राम पर देखा जा सकता है। कोलगवां थाना की सब इंस्पेक्टर नेहा ठाकुर और सूबेदार रामदेवी राय के इंस्टा एकाउंट को इन दिनों खूब लाइक्स मिल रहे हैं। इनकी रील्स की व्यूअरशिप भी तेजी से बढ़ रही है। इनके अलावा भी कई महिला-पुरुष पुलिसकर्मी अपने वीडियो, रील्स बना कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय हैं।

जानकारों की मानें तो ड्यूटी की व्यस्तता के बीच अगर आप अपने लिए कुछ समय निकाल कर उसे किसी क्रिएटिव काम मे लगाते हैं तो इससे तनाव दूर करने में बड़ी मदद मिलती है। महिला पुलिस अधिकारियों की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिविटी अन्य पुलिस कर्मियों के लिए अच्छा उदाहरण है। हर कोई मनपसंद काम करके स्ट्रेस कम कर सकता है और अपने तथा अपने परिवार को खुश रख सकता है। ऐसा करके आप अपनी कार्य क्षमता में भी वृद्धि कर सकते हैं।