रांची नगर निगम को 7 साल पहले दिया ज़मींन,अब जाकर खुली निगम प्रशासन की नींद
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल रांची नगर निगम की ओर से जिस जमीन को हॉस्पिटल खोलने के लिए अपोलो ग्रुप को दिया गया था।उस पर लोगों ने अतिक्रमण कर अपना घर और गराज बना लिया. बताया जाता है कि नगर निगम ने रांची के बड़ा घाघरा इलाके में हॉस्पिटल खोलने के लिए चेन्नई के अपोलो ग्रुप को सात वर्ष पहले जो जमीन दी थी लेकिन इस जमीन पर अब अतिक्रमणकारियों का कब्जा हो गया है।मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम ने हॉस्पिटल के लिए कुल 2.80 एकड़ जमीन अपोलो ग्रुप को दी थी। अब इसी जमीन के 20 डिसमिल क्षेत्र पर तीन लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर घर का निर्माण कर लिया है। अब ऐसे में नगर निगम की इस लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अब तक निगम को इसकी खबर तक क्यों नहीं हुई?


बताया जाता है कि रांची नगर निगम ने अपोलो प्रबंधन के साथ जमीन का एग्रीमेंट तो कर लिया लेकिन निगम की ओर से उस जमीन पर अपोलो ग्रुप को कब्जा नहीं दिया गया।इस बीच निगम के किसी अधिकारी ने जमीन का निरीक्षण तक नहीं किया और इसी दौरान जमीन पर लोगों ने घर बना लिया।
निगम ने अब दिया अल्टिमेटम
जमीन पर अवैध कब्जा होने के बाद रांची नगर निगम की नींद खुली तो निगम की ओर से अवैध रूप कब्जा करने वाले तीनों अतिक्रमणकारियों को 72 घंटे के अंदर जमीन खाली करने का आदेश दिया गया है। निगम का कहना है कि 26 दिसंबर तक कब्जा नहीं हटा तो निगम बलपूर्वक वहां बनी संरचना को तोड़ देगा।इसके साथ ही इसमें खर्च होने वाली राशि भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूली जाएगी।