शाहदरा जिला के मानसरोवर पार्क थाना अंतर्गत आने वाले राम नगर एक्सटेंशन इलाके में एक पत्नी ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की पिटाई कर दी| पिटाई इसलिए की कि उसने पत्नी के 50 हजार मांगने पर 20 हजार रुपए ही दिए | बचाव में आई सास और देवर की पिटाई भी कर दी|
नई दिल्ली| पैसे के लेनदेन को लेकर आज रिश्ते तार-तार होते नजर आ रहे हैं| इसके लिए लोग अपने रिश्तों की मर्यादा और उनकी अहमियत को भूल जा रहे हैं| ताजा मामला शाहदरा जिला के मानसरोवर पार्क थाना अंतर्गत आने वाले राम नगर एक्सटेंशन इलाके का सामने आया है| यहां पर एक पत्नी ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की पिटाई इसलिए कर दी कि उसने खर्च के लिए कम रुपए दिए| बचाव में आई सास और देवर की पिटाई भी कर दी है|


जानकारी के मुताबिक पत्नी ने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की पिटाई की तो इसके बीच बचाव के लिए परिवार के दूसरे सदस्य आए| इनमें पीड़ित की मां और भाई शामिल हैं| लेकिन पीड़ित की पत्नी और उसके बेटे ने पीड़ित की मां और भाई को भी नहीं बख्शा और उनकी भी लोहे की रॉड से पिटाई कर दी| सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया| पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है|
जानकारी के मुताबिक पीड़ित राजेश कुमार परिवार के साथ राम नगर एक्सटेंशन इलाके में रहते हैं| उनकी पत्नी सुविना ने पति राजेश से 50 हजार रुपए मांगे थे| राजेश ने खर्च के लिए उसको 20 हजार रुपए दिए और बाकी के रुपए बाद में देने के लिए कहा| यह बात मां-बेटे को रास नहीं आई और उनके बीच जमकर कहासुनी भी हुई| पत्नी व बेटा अनुराग नाराज हो गए, उनके बीच कहासुनी हो गई| यह इतनी बढ़ गई कि हमले तक पहुंच गई|
आरोप है कि पत्नी सुविना व बेटे अनुराग ने उनकी लोहे की रॉड से पिटाई शुरू कर दी| उन्होंने अपने भाई मनोज को मदद के लिए बुलाया| मनोज व मनोज की पत्नी व उनकी मां बचाव में आई| उन्होंने उनकी मां को धक्का दे दिया और मनोज की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी| घटना की जानकारी पुलिस को दी गई| पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों भाईयों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई|