बड़ी ख़बर

महिला दिवस का असर, विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठीं भाजपा विधायक

पटना |अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को बिहार विधानसभा की कार्यवाही महिलाओं के नाम रही। सदन की कार्यवाही शुरू होने से लेकर समापन तक महिलाओं को वरीयता दी गई। सबसे पहले महिलाओं को बधाई दी गई और फिर सवाल सबसे पहले महिलाओं को ही पूछने का मौका मिला। यही नहीं, सदन की दूसरी पाली में सभाध्यक्ष की कुर्सी पर भी महिला (भाजपा विधायक गायत्री देवी) ही बैठीं। महिला दिवस का असर यह भी हुआ कि सवाल भले ही विपक्षी सदस्य पूछी थी पर उनकी अनुपस्थिति में सत्तापक्ष के सदस्यों ने भी सरकार से जवाब मांगा।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पक्ष-विपक्ष की सदस्यों ने स्थानीय निकायों की तर्ज पर विधानमंडल और लोकसभा व राज्यसभा में भी 50 फीसदी आरक्षण की मांग की। गायत्री देवी, रेखा देवी, शालिनी मिश्रा, भागीरथी देवी, संगीता कुमारी ने कहा कि जिस तरह स्थानीय निकायों में मिले आरक्षण के कारण महिलाएं घर से बाहर निकली हैं, उसी तरह अगर विधानमंडल, लोकसभा व राज्यसभा में महिलाओं को मौका मिले तो वे नाम कमाएंगी। विधायकों ने एक सुर में कहा कि अगर नीतीश सरकार ने यह काम कर दिया तो मुख्यमंत्री का नाम पूरी दुनिया में हो जाएगा।

महिला विधायकों के सम्मान में आसन ने सूचीबद्ध सवालों में सबसे पहले महिलाओं के ही सवाल लिए। यही नहीं जो महिला सदस्य सदन में मौजूद नहीं थीं, उनकी अनुपस्थिति में भी सभाध्यक्ष ने किसी और महिला सदस्य से सवाल पूछवाकर सरकार से जवाब लिया। स्वर्णा सिंह व वीणा सिंह की अनुपस्थिति में गायत्री देवी व शालिनी मिश्रा ने सवाल पूछे। जबकि सदन में मौजूद मंजू अग्रवाल, शालिनी मिश्रा ने अपने-अपने सवाल पूछे।

आसन भी महिला विधायकों ने संभाला 
दूसरी पाली में विभाग के आय-व्ययक पर होने वाले वाद-विवाद के दौरान सदन की अनुमति पर अध्यासीन सदस्य नहीं होते हुए भी गायत्री देवी ने आसन की कमान संभाली। प्रतिमा कुमारी ने सदन में इसका प्रस्ताव रखा तो अध्यक्ष ने कहा कि मैं भी यही चाहता हूं। महिला अध्यासीन सदस्य ज्योति देवी का इंतजार कर रहा हूं। इस पर संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सदन की सहमति से आप (सभाध्यक्ष) किसी और महिला विधायक को भी आसन पर बिठा सकते हैं, यह आपका विशेषाधिकार है। इसके बाद तुरंत उन्होंने गायत्री देवी को आसन पर बिठाया। बाद में जब अध्यासीन सदस्य ज्योति देवी आईं तो उन्होंने सदन का संचालन किया।

cg