रायपुर। पांच साल में दोगुना पैसा देने का झांसा देकर 8 करोड़ की ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी के फरार डायरेक्टर को पुलिस ने पंजाब में छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 7 साल से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी जांच के बाद क्लू मिला। उसके बाद छापा मारकर पकड़ लिया गया। आरोपी के संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पंजाब की कंपनी ग्रीडण्ले फॉरेस्ट प्रोजेक्ट एंड डेवलपर्स ने बांसटॉल में अपनी शाखा खोली थी।


कंपनी में आलोक भद्रा, संतोष सिकदर, स्वर्ण सिंह डायरेक्टर थे। कंपनी ने निवेशकों को पांच साल में दोगुना पैसा देने का झांसा दिया। रायपुर और उसके आसपास के दो हजार से ज्यादा लोगों ने कंपनी में 8 करोड़ से ज्यादा निवेश किया। जब पैसा देने का समय आया तो कंपनी ताला लगाकर भाग निकली। गोलबाजार थाना में 2015 में ठगी का केस दर्ज किया गया। तब से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
एक साल पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर आलोक भद्रा को गिरफ्तार किया था। तब से संतोष और स्वर्ण की तलाश चल रही थी। पुलिस ने स्वर्ण सिंह को पकड़ लिया है। संतोष अब भी फरार है। पुलिस लगातार चिटफंड कंपनियों के फरार लोगों को गिरफ्तार करने के लिए कई अलग-अलग शहरों में छापे मार रही है।