बड़ी ख़बर

नाबालिक लड़का लड़की को इम्प्रेस करने करता था दान पेटी से चोरी

गर्लफ्रेंड के लिए मंदिर में चोरी: दानपेटी पर करता था हाथ साफ, प्यार पर लुटाता था पैसे

भोपाल।  भोपाल में 10वीं का एक छात्र गर्लफ्रेंड के लिए चोर बन गया। उसने गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए मंदिरों में चोरी शुरू कर दी। आरोपी स्टूडेंट दर्शन करने के बहाने मंदिर जाकर रेकी करता। फिर दानपेटी का लॉक तोड़कर रुपए निकाल लेता था। चोरी के रुपए वो अपनी गर्लफ्रेंड पर उड़ा देता था। शाहपुरा थाना पुलिस ने पिछले दिनों कोलार इलाके के मंदिर में चोरी का खुलासा किया है। 30 से 35 जगहों के CCTV कैमरे खंगालने के बाद आरोपी को पकड़ा है। आरोपी के पास से 1850 रुपए, बाइक, प्लायर और पूजा की घंटी मिली है।

घर से ज्यादा रुपए नहीं मिलते थे तो शुरू की चोरी

पकड़े गए लड़के की उम्र 17 साल है। वह एक प्राइवेट स्कूल में 10वीं का स्टूडेंट है। पिता न्यू मार्केट हनुमान मंदिर के पास मोबाइल की दुकान पर काम करते हैं। लड़के ने पुलिस को बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली लड़की से प्यार करता है। घर से इतना खर्च नहीं मिलता कि गर्लफ्रेंड पर खर्च कर सके। इसलिए चोरी का रास्ता अपनाया।

दुस्साहस ऐसा कि थाने के मंदिर में कर डाली चोरी

cg

शाहपुरा थाना परिसर में हनुमान मंदिर है। 15 फरवरी की सुबह 11 बजे पुजारी पूजा करने के बाद चले गए। उन्होंने मंदिर के शटर पर ताला नहीं लगाया था। इसी बीच, आरोपी लड़का मंदिर में दर्शन करने पहुंचा और गर्भगृह में रखी दान पेटी को प्लास से काटकर रुपए चोरी कर लिए। जाते समय मंदिर में रखी एक पूजा वाली घंटी भी ले गया।

30-35 जगह CCTV फुटेज खंगालने पर मिला

चोरी की जानकारी पुलिस ने 3 दिन तक छिपाए रखी। इसी बीच सोशल मीडिया में चोरी करने वाले संदिग्ध का CCTV फुटेज वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए 30-35 CCTV खंगाले। तब कहीं उसकी पहचान हो सकी।

दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर लेता था

लड़के ने बताया कि वह मंदिर में दर्शन के बहाने रेकी करता था। इसके बाद चोरी के इरादे से दोबारा मंदिर पहुंचता। भीड़-भाड़ नहीं होने पर चुपके से दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर लेता था। शाहपुरा थाना के मंदिर से 2 दिन पहले उसने वंदना नगर कोलार स्थित मंदिर से भी वारदात स्वीकार की है।