बड़ी ख़बर

पब्लिक टॉयलेट में खुला संजीवनी क्लीनिक: हर महीने पहुंच रहे दो हजार मरीज

MP में टॉयलेट- एक अस्पताल:भोपाल में बिल्डिंग नहीं मिली,  केंद्र ने सराहा

भोपाल। MP में एक अस्पताल ऐसा भी है जो सुलभ शौचालय कॉम्प्लेक्स में चल रहा है। झुग्गी बस्ती के बीच इस अस्पताल में मरीजों को पेपरलेस ओपीडी पर्चे से लेकर डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन तक मोबाइल पर मिलती है। ये राजधानी भोपाल का मॉडल हॉस्पिटल है। न्यू मार्केट से एक किलोमीटर की दूरी पर रोशनपुरा संजीवनी क्लीनिक साल 2020 में शुरू किया गया था। शुरुआती दौर में तो मरीज आने में हिचकते थे, लेकिन अब यहां हर महीने डेढ़ से दो हजार मरीज OPD में पहुंच रहे हैं। इस क्लीनिक के लिए शुरुआती दौर में बिल्डिंग नहीं मिल पा रही थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बंद पडे़ सुलभ शौचालय कॉम्प्लेक्स को रेनोवेट कर यहां क्लीनिक शुरू कराया। मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर रिस्पॉन्स के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अफसर इस अस्पताल की तारीफ कर चुके हैं।

जब पोस्टिंग हुई तब अजीब लगा, अब नहीं: डॉक्टर
संजीवनी क्लीनिक की इंचार्ज डॉक्टर लालिमा गुप्ता ने बताया कि सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक OPD में आम बीमारियों, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच कराने वाले मरीज आते हैं। एएनसी, पीएनसी टेस्ट के लिए महिलाएं और बच्चों को इलाज मिल रहा है। पहले जब पोस्टिंग हुई तो थोड़ा अजीब लगा था, लेकिन पेशेंट्स का रिस्पॉन्स देखकर अब अच्छा लगता है।

संजीवनी क्लीनिक झुग्गी बस्ती के बीच है।
                                         संजीवनी क्लीनिक झुग्गी बस्ती के बीच है।
cg

मरीज बोले- अब लगता ही नहीं कि यहां टॉयलेट था
संजीवनी क्लीनिक में इलाज कराने आई आतिशा ने बताया कि इस अस्पताल के शुरू होने से हमें अब दूर नहीं जाना पड़ता। घर के नजदीक बिना भीड़भाड़ के इलाज हो जाता है। पहले यहां शौचालय था, लेकिन कई साल पहले वह भी बंद हो गया था। यहां इतनी गंदगी पड़ी रहती थी कि आसपास गुजरने में दिक्कत होती थी। अब ऐसा लगता ही नहीं कि ये वही जगह है, जहां कभी सुलभ शौचालय था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी कर चुके तारीफ
पिछले साल 26 नवंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. हरमीत सिंह मध्यप्रदेश के दौरे पर आए थे। वह रोशनपुरा संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण करने गए थे। यहां रखे रजिस्टर में डॉ. हरमीत ने व्यवस्थाओं की तारीफ लिखी थी। भोपाल जिले में कायाकल्प कार्यक्रम की इंचार्ज डॉ. हर्षिता सिंह भी इस अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार को अनुशंसा कर चुकी हैं।

इस मॉडल हॉस्पिटल की राज्य से लेकर केंद्र स्तर तक तारीफ हो चुकी है।
                             इस मॉडल हॉस्पिटल की राज्य से लेकर केंद्र स्तर तक तारीफ हो चुकी है।

संजीवनी क्लीनिक में मिलने वाली प्रमुख 12 सेवाएं

  1. आपातकालीन सेवाएं
  2. ओपीडी सेवाएं
  3. मातृ स्वास्थ्य सेवाएं
  4. नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं
  5. परिवार कल्याण सेवाएं
  6. बाल एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाएं
  7. नेत्र एवं नाक-कान-गला (ईएनटी) सर्विस
  8. ओरल हेल्थ (स्क्रीनिंग, परामर्श) सेवाएं
  9. मानसिक रोग सेवाएं (स्क्रीनिंग)
  10. वृद्धजन एवं पैलिएटिव केयर
  11. रेफरल सर्विस
  12. आठ प्रकार की नि:शुल्क जांचें (कार्ड टेस्ट)